Monday , May 25 2026

पंजाब की सियासत में बड़ा धमाका: उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, 157 करोड़ के घोटाले और शेल कंपनियों के जाल में फंसी….

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में शनिवार को उस समय भूचाल आ गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश के ऊर्जा एवं उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को करीब 10 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने यह कार्रवाई 157 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री, शेल कंपनियों के जरिए अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत की है। मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पंजाब का सियासी पारा चरम पर है, जहां सत्ता पक्ष इसे ‘बदले की राजनीति’ बता रहा है, वहीं विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

10 घंटे का ‘हाई-वोल्टेज’ ड्रामा और फिर गिरफ्तारी

ईडी की टीमों ने पिछले 20 दिनों के भीतर शनिवार को दूसरी बार संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर दबिश दी। सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद दोपहर करीब एक बजे उन्हें चंडीगढ़ स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। घंटों तक चली कागजी कार्रवाई और लैपटॉप व अहम दस्तावेजों को कब्जे में लेने के बाद, शाम पांच बजे ईडी ने उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की। गिरफ्तारी के तुरंत बाद जांच एजेंसी उन्हें दिल्ली ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

157 करोड़ का ‘फर्जीवाड़ा’ और दुबई कनेक्शन

ईडी सूत्रों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा पर अपनी फर्मों के जरिए मोबाइल फोन की करीब 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री दिखाने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि शेल कंपनियों के जरिए फर्जी एक्सपोर्ट किए गए और दुबई से भारत में अवैध रकम की ‘राउंड-ट्रिपिंग’ की गई। यही नहीं, दिल्ली की उन फर्मों से फर्जी जीएसटी बिल हासिल किए गए जिनका कोई वजूद ही नहीं था। इसके जरिए करोड़ों का इनपुट टैक्स क्रेडिट और जीएसटी रिफंड लेकर सरकारी खजाने को भारी चपत लगाई गई।

संपत्तियां कुर्क और मुख्यमंत्री का ‘पालिटिकल’ पलटवार

ईडी ने इस मामले में ‘हैंपटन स्काई रिएलटी लिमिटेड’ कंपनी और संजीव अरोड़ा से जुड़ी संस्थाओं के बैंक खातों व अचल संपत्तियों को अस्थाई रूप से अटैच (कुर्क) कर दिया है। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पूरी पार्टी अरोड़ा के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब उन्हें भाजपा में शामिल करने के लिए दबाव बनाने की साजिश है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि अन्य संस्थानों पर चल रही ईडी की कार्रवाई अचानक क्यों बंद हो गई।

विपक्ष हमलावर: ‘रंगला पंजाब’ को ‘कंगला’ बना दिया

मंत्री की गिरफ्तारी के बाद भाजपा और अकाली दल ने आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (जो अब भाजपा में हैं) ने तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘आप’ ने पंजाब को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह अब भ्रष्ट लोगों की पार्टी बन चुकी है। वहीं, आआपा सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने इसे पार्टी तोड़ने की कोशिश करार देते हुए कहा कि उनकी पार्टी एकजुट है और भाजपा के इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है।