आजमगढ़। जनपद के मंडलीय जिला अस्पताल में एक और कोरोना संदिग्ध की बुधवार सुबह मौत हो गई। यह मुंबई से आया हुआ प्रवासी था। उसके और परिजनों की सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। अब इमरजेंसी को ट्रामा सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल को सैनिटाइज करा दिया गया है। इसके साथ ही बुर्जुग का कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार करा दिया है।

गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग मुंबई से आया था। सांस की समस्या होने पर परिजन उसको बुधवार सुबह छह बजे लेकर के जिला अस्पताल पहुंचे थे। इमरजेंसी में ले जाने पर पहले तो चिकित्सकों ने उसे भर्ती करने से इनकार किया। इस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद इसको इमरजेंसी में भर्ती कर लिया गया। 2 घंटे बाद सुबह 8 बजे उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने बताया कि यह 30 तारीख को मुंबई से आया था। इससे चिकित्सकों के हाथ पांव फूल गए। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर विमल ने बताया की मरीज के परिजनों ने हिस्ट्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। बाद में बताने के बाद अब कोविड टेस्ट के लिए मरीज का सैंपल लिया जा रहा है।