आजमगढ़: आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के मसूरियापुर गांव में मिट्टी का कच्चा मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर एक दम्पति की मौत हो गयी। ग्रामीणों ने शवों को मलबे से बाहर निकलवाया और पुलिस को सूचित किया।

रौनपार थाना क्षेत्र के मसूरियापुर गांव निवासी 55 वर्षीय झिनकराम अपनी पत्नी कलावती (51) के साथ कच्चे मकान में रहते थे। उनके दोनों पुत्र अपने परिवार के साथ मुम्बई में है। बारिश की वजह से गुरुवार देर रात करीब दो बजे जब झिनकराम पत्नी संग सो रहे थे, तभी उनका कच्चा मकान गिर गया। मलबे में पति और पत्नी दब गये। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर शव को बाहर निकाला तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर शुक्रवार की सुबह पुलिस पहुंची। जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिये जाने का आश्वासन दिया गया है।