लाटघाट। सगड़ी तहसील क्षेत्र के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में विगत दो दिनों से बढ़ोत्तरी का क्रम निरंतर जारी है। नदी दोनों गेजों पर खतरा बिंदू से ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के आठ गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। बाढ़ चौकियों पर पशुपालन विभाग को छोड़कर सभी विभागों के कर्मचारियों का कहीं पता नहीं है।
घाघरा नदी में मंगलवार को बदरहुंआ पर नौ और डिघिया पर 10 सेमी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। बदरहुंवा नाले पर सोमवार को नदी का जलस्तर 71.86 मीटर दर्ज किया गया था जो मंगलवार को नौ सेमी बढ़कर 71.95 मीटर हो गया। यहां पर नदी का खतरा बिंदू 71.68 मीटर है। नदी यहां पर खतरा बिंदू से 27 सेमी ऊपर बह रही है। वहीं डिघिया नाले पर सोमवार को नदी का जलस्तर 71:00 मीटर दर्ज किया गया था जो 10 सेमी बढकर 71.10 मीटर पहुंच गया। यहां पर नदी का खतरा बिंदू 70.40 मीटर है। डिघिया नदी खतरा बिंदू से 70 सेमी ऊपर प्रवाहित हो रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के आठ गांव बाढ़ के पानी से पूरी तरह से घिर गए हैं। जहां तीन दिन जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी वहीं जलस्तर में बढ़ाव को देख ग्रामीणों की धड़कन तेज हो गई है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों के संपर्क मार्ग पानी में डूब गए हैं। लोगों को अपने पशुओं के चारे के लिए ब़ाढ़ के पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।