उत्तर प्रदेश में कानपुर अपहरण कांड के बाद एटा जनपद से सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक किशोरी को अगवा कर लिया। उसे छोड़ने के एवज में डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी गई। शनिवार की सुबह किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। उसके हाथ-पैर बंधे मिले थे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर रही है।

घटना थाना मारहरा के गांव नगला भजना की है। बदमाशों ने 23 जुलाई की रात 14 वर्षीय किशोरी को घर के बाहर से अगवा कर लिया था। जब किशोरी घर में नहीं दिखाई दी तो परिजनों ने तलाश की। सुबह थाने में बेटी का अपहरण होने की तहरीर दी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित पिता के मुताबिक अपहरणकर्ताओं ने फोन कर डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बाद में एक करोड़ रुपये देने की बात तय हो गई।