इस सप्ताह भारतीय नौसेना ने अमेरिकी नौसेना के साथ अंडमान निकोबार द्वीप समूह तट के पास सैन्य अभ्यास किया था। इस संयुक्त युद्धाभ्यास में अमेरिकी नौसेना ने दुनिया के सबसे बड़े पोत यूएसएस निमित्ज का इस्तेमाल किया था। भारत के बाद अब अमेरिका ने साउथ चाइना सी (दक्षिण चीन सागर) के विवादित हिस्से से करीब 4000 किमी दूर फिलीपींस सागर में जापान और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं के साथ युद्धाभ्यास शुरू किया है।
चीन पर दबाव बनाने की कोशिश में है अमेरिका
इस अभ्यास को लेकर जारी किए गए आधिकारिक बयान में चीन का नाम नहीं लिया गया है। बता दें कि दक्षिण चीन सागर के अधिकतर हिस्से पर चीन अपना दावा करता है। जानकारी के अनुसार तीन देशों के इस अभ्यास में 12 फाइटर जेट और नौ जंगी जहाजों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अभ्यास में अमेरिका ने यूएसएस रोनाल्ड रीगन को भी शामिल किया है। अमेरिका चीन पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

इन अभ्यासों को हिंद -प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्रता सुनिश्चित करने का प्रयास कहा जा रहा है। इस सप्ताह हुए दो अभ्यासों में भाग लेने वाले चार देश अमेरिका, भारत, जापान

और ऑस्ट्रेलिया इस साल नवंबर में हिंद महासागर में होने वाले विस्तारित मालाबार नौसेना अभ्यास में भी शामिल हो सकते हैं, जिसका नेतृत्व भारत करेगा।  ऑस्ट्रेलिया को इस अभ्यास में शामिल होने के लिए औपचारिक न्योता जल्द ही भेज दिया जाएगा।