भोपालः मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। वे सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहते हैं और लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साधते हैं। राम मंदिर भूमिपूजन के पहले तक दिग्विजय सिंह लगातार ट्वीटर पर भूमिपूजन के मूहुर्त को लेकर सवाल उठाते रहे। अब जबकि राम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन हो चुका है तो एक बार फिर दिग्विजय ने ट्वीट कर सरकार से वचन निभाने को लेकर सवाल किया है।

दरअसल, दिग्विजय ने शुक्रवार को ट्वीट कर राम राज्य स्थापित करने का सवाल सरकार से पूछा है। उन्होंने पूछा है कि भगवान राम अपने दिए वचनों को निभाते थे और इसके लिए वे 14 साल के वनवास पर भी चले गए, तो क्या आज के राजनेताओं से भी ऐसी उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘क्या राम मंदिर शिलान्यास के बाद हम राम राज्य की उम्मीद करें? भगवान राम ने अपने पिता के द्वारा दिये गए वचन निभाने के लिए 14 वर्षों तक वनवास काटा, क्या हमारे आज के राजनेता भी वचन निभायेंगे?