गाजियाबाद में पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव मामलों में बढ़ोतरी हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार बढ़े हुए केस गाजियाबाद से दिल्ली आने-जाने वालों से संबंधित है। यही वजह है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी की संस्तुति के आधार पर जिला प्रशासन ने दिल्ली-गाजियाबाद सीमा को पहले की तरह यानी लॉकडाउन-2 की तरह सील करने का निर्णय लिया है।
अब सिर्फ दिल्ली व केंद्र सरकार में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को ही आने-जाने की इजाजत दी जाएगी। एंबुलेंस व आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को भी प्रवेश दिया जाएगा। दिल्ली में कार्यरत लोगों को सुबह नौ बजे से पहले निकासी और शाम छह बजे के बाद प्रवेश दिया जाएगा। शिफ्टों में काम करने वाले लोगों को वैध पास में इजाजत दी जाएगी।