अहरौला। लहुराबन गांव में सोमवार की दोपहर पत्नी की विदाई न होने से नाराज युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबियत खराब होने पर घरवालों को जानकारी इसकी हुई तो अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
राजेश तिवारी (35) पुत्र रमाकांत फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का निवासी है। उसकी शादी अहरौला थाने के लहुराबन गांव निवासी कंचन देवी से हुई है। कंचन के पिता सुरेश चौबे ने बताया कि नशे में धुत होकर उसका दामाद अपनी पत्नी और उसकी बेटी कंचन को मारता पीटता था। इससे नाराज कंचन मायके चली आई है। सोमवार की दोपहर राजेश अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल आया। विदाई न होने से नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। साथ ही 112 नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी भी दे दी। उसे सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।