रक्षाबंधन का पर्व आज मनाया जा रहा है। राखी का यह त्योहार भाई-बहन के प्यार का प्रतीक है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, हर शुभ अवसर पर शुभ घड़ी का विचार किया जाता है। रक्षाबंधन पर भी शुभ मुहूर्त को भी देखा जाता है। इसलिए भद्राकाल में राखी नहीं बांधी जाती है। रक्षाबंधन पर सुबह 9.29 बजे तक भद्रा रहेगी। वहीं आज सुबह 7.30 बजे के बाद से पूरे दिन श्रवण नक्षत्र लगा रहेगा। इसके साथ पूर्णिमा तिथि रात में 9.30 तक रहेगी।
हिन्दू पंचांग की गणना के अनुसार रक्षाबंधन के दिन आज दिनभर तीन शुभ मुहूर्त बताए जा रहे हैं। शुभ मुहूर्त में भाई की कलाई में राखी बांधना बेहद शुभ होता है। आज दिन में राखी बांधने का पहला शुभ मुहूर्त सुबह 9:35 से 11.07 तक रहेगा। इसके बाद दोपहर 2.35 से 3.35 तक और अंतिम मुहूर्त शाम 4.00 से रात 8.35 तक रहने वाला है। इसके अलावा यदि कोरोना की वजह से आज राखी नहीं बांध पा रहे हैं तो जन्माष्टमी तक भी राखी बांधी जा सकती है।