लाटघाट। सगड़ी तहसील के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी एकबार फिर से देवारावासियों को दहलाने के लिए आतुर नजर आ रही है। नदी के जलस्तर पर प्रतिघंटे दो सेमी की रफ्तार से बढ़ोत्तरी हो रही है। विगत 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 40 से 42 सेमी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जलस्तर में बढ़ोत्तरी देख तटवर्ती ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है। लोग अपना सामान समेट दूसरी जगह आशियाना बनाने की तैयारी में हैं।

जनपद के उत्तरी सीमा से होकर गुजरने वाली घाघरा धीरे-धीरे अपना रौद्र रूप धारण करती जा रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देख देवारावासियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। जिन गांवों के लोग नदी के किनारे बसे हैं वह लोग अब दूसरे स्थान पर अपना आशियाना बसाने की तैयारी में जुट गए हैं। घाघरा की कटान से हरैया ब्लाक के अचलनगर ग्राम सभा के देवारा अचल सिंह और देवारा गरीब दुबे में कटान हो रही है। वहीं दुबान में भी कटान तेजी से हो रही है। देवारा खास राजा के मुरारी का पूरा व त्रिलोकी का पूर ा नई बस्ती में भी कटान जारी है। तेजी से हो रही कटान के कारण लोग सहमे हैं। मुरारी का पुरवा के राम दरस, जयराम अपने सामान को समेट कर बिसरा गोला गोरखपुर में जाकर शरण ले रहे हैं। नदी की कटान को देख इसके किनारे के पेड़ों को भी लोग काट रहे हैं। वहीं अभी तक जमीन का आवंटन ना होने से लोग मजबूर होकर अपने नात रिश्तेदारों और सगे संबंधी के यहां शरण ले रहे हैं।