भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार देर शाम मुंबई, रत्नागिरि और रायगढ़ में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को पालघर, मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के उपमहानिदेशक (डीडीजी), मुंबई ने कहा, ‘मुंबई और आसपास पिछले एक घंटे में मध्यम बारिश रही है। रडार/ उपग्रह चित्र मेघमय पश्चिमी तट, सक्रिय मानसून का संकेत देते हैं। आज भी भारी बारिश हो सकती है।’
इससे पहले विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाते हुए कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा से अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान जताया था।
शुक्रवार देर रात मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटे, यानि तीन और चार जुलाई के बीच, मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरि के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।