बिहार में बाढ़ और कोरोना दोनों ही मुसीबतों ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। बिहार में कोरोना वायरस के मामले रोजाना तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं बाढ़ का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार के मुजफ्फरपुर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया है।

बिहार की बुढ़ी गंडक, कोसी-बागमती नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है, जबकि गंगा नदी खतरे के निशान के आस-पास बह रही है। शुक्रवार को बाढ़ में डूबने से गोपालगंज में आठ, सारण में छह और उत्तर बिहार में 22 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा वज्रपात से मधुबनी के लदनियां में दंपत्ति सहित औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड क्षेत्र के गांव में छह मजदूरों की मौत हो गई।
वहीं, दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के पास बागमती नदी का जमीदारीं बांध टूट गया है, जिससे दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। बाढ़ से बिहार में लगभग 45 लाख लोगों की आबादी प्रभावित है, जबकि एक दिन पहले ये संख्या 39.63 लाख थी। इसमें राज्य के 14 जिलों की 1,012 पंचायतें शामिल हैं, जहां बाढ़ का खतरा बना हुआ है।