कोरोना महामारी के कारण इस साल भारत से हज पर लोगों के जाने की संभावना बहुत कम है, हालांकि सऊदी अरब की ओर से आगे की स्थिति के बारे में जानकारी दिए जाने के बाद इस पर कोई अंतिम निर्णय होगा। शीर्ष सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उधर, भारतीय हज कमेटी ने एक परिपत्र के माध्यम से हज-2020 पर जाने के लिए चयनित लोगों से कहा है कि हज पर नहीं जाने की इच्छा रखने वाले लोग अपने पैसे वापस ले सकते हैं।
एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि सऊदी अरब में भी कोरोना मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हमारे यहां से दो लाख लोगों को जाना है। हमारी तैयारी थी, लेकिन अब समय बहुत कम बचा है। हम सऊदी अरब की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी आने का इंतजार कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार भारत से हज पर लोगों के जाने की संभावना बहुत कम है।