नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित प्रदेश भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने महान साहित्यकार, कवि एवं नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर को पुण्यतिथि पर याद करते हुए उन्हें नमन किया है।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि जन-गण-मन को आधार बनाकर देश के गौरव भरे राष्ट्रगान के रचयिता और नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मानव मात्र को वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश देने वाले राष्ट्रकवि और साहित्यकार, राष्ट्रगान के रचयिता एवं नोबेल पुरस्कार से सुशोभित गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर सादर नमन।

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने लिखा कि भारतीय राष्ट्रगान के रचयिता एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरूदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर कोटि कोटि नमन। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने ट्वीट किया कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि कोटि प्रणाम..!!

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने लिखा कि राष्ट्रगान के रचयिता, एक महान दार्शनिक, साहित्यकार एवं लेखक, हमें गीतांजली एवं अनेक ऐसी खूबसूरत रचनाएं देने वाले, नोबल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्य तिथि पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।

उल्लेखनीय है कि रवीन्द्रनाथ ठाकुर या रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविख्यात कवि, साहित्यकार, दार्शनिक और भारतीय साहित्य के नोबल पुरस्कार विजेता हैं। उन्हें गुरुदेव के नाम से भी जाना जाता है। बांग्ला साहित्य के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक चेतना में नई जान फूंकने वाले युगदृष्टा थे। वे एकमात्र कवि हैं जिनकी दो रचनाएं दो देशों का राष्ट्रगान बनीं – भारत का राष्ट्र-गान ‘जन गण मन’ और बांग्लादेश का राष्ट्रीय गान ‘आमार सोनार बांग्ला’ गुरुदेव की ही रचनाएं हैं।