सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। इससे पहले लगातार कई दिनों तक घरेलू बाजार में तेजी देखी जा रही थी। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.38 फीसदी की गिरावट के साथ 128.84 अंक नीचे 33980.70 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.32 फीसदी गिरकर 32.45 अंक नीचे 10029.10 के स्तर पर बंद हुआ।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को 10 पैसे टूटकर 75.57 (अस्थायी) पर बंद हुआ। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया गिरावट के साथ 75.62 पर खुला। बाद में इसमें कुछ सुधार आया और अंत में यह 10 पैसे की गिरावट के साथ 75.57 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बुधवार को रुपया 75.47 पर बंद हुआ था।