चीनी एप्स को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए भारत सरकार ने 29 जून को 59 एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया। प्रतिबंध के बाद से भारत के टिकटॉकर्स और हेलो एप यूजर्स काफी परेशान नजर आए। इसके अगले ही दिन यानी 30 जून को प्ले स्टोर और एपल स्टोर से भी एप को हटा दिया गया। इन एप्स का इस्तेमाल करने वाले लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया। लेकिन इस सबके बीच सबसे ज्यादा चिंतित नजर आए इन चीनी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी।
कर्मचारियों ने बयां किया दर्द
एक कर्मचारी ने कहा कि उनकी सैलरी स्लिप हर महीने के आखिरी दिन से एक दिन पहले जेनरेट हो जाती है और महीने के आखिरी दिन सुबह सात से नौ बजे के बीच सैलरी का मैसेज आ जाता है। लेकिन जून में 29 जून को सैलरी स्लिप जेनरेट तो हुई, लेकिन 30 जून को सुबह सैलरी का मैसेज नहीं आया। सैलरी ना आने पर कर्मचारियों को लगा कि एप पर लगाए गए प्रतिबंध की वजह से उनकी नौकरी संकट में पड़ गई है।