गर्मी और उमस से परेशान देश के लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटे के भीतर बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून बिहार में दस्तक दे सकता है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में गहरा होते कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ पर नजर रखना जरूरी है। विभाग के अनुसार दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार की ओर मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां बन रही हैं, जिसकी वजह अगले 48 घंटों में इन राज्यों के भी कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।