Sunday , May 17 2026

लखनऊ यूनिवर्सिटी में सनसनी: ‘तुम्हारे लिए 2 पेपर आउट करा रखे हैं, ऑफिस आ जाओ…’, प्रोफेसर का घिनौना ऑडियो वायरल, पुलिस ने दबोचा

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) से एक ऐसा शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा के मंदिर को झकझोर कर रख दिया है। जूलॉजी (प्राणिविज्ञान) विभाग के एक शिक्षक पर अपनी ही छात्रा को नंबरों और पेपर लीक का लालच देकर ऑफिस बुलाने और अश्लील इरादे रखने का गंभीर आरोप लगा है। शिक्षक और बीएससी छठे सेमेस्टर की छात्रा के बीच हुई बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो के सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे तक में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया गया है।

‘जबरन पेपर देकर ऑफिस बुलाना चाहता है’, रो पड़ी छात्रा

वायरल हो रहे इस कथित ऑडियो में जूलॉजी विभाग के शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह छात्रा को तरह-तरह के प्रलोभन देते सुनाई दे रहे हैं। वह फोन पर छात्रा से कह रहे हैं कि उन्होंने उसके लिए दो पेपर पहले से ही आउट (लीक) करवा रखे हैं। परीक्षा से पहले वह आकर उनसे मुलाकात कर ले। हालांकि, छात्रा बेहद बहादुरी से प्रोफेसर के इस अनैतिक ऑफर को सिरे से ठुकरा देती है। कॉल कट होने के बाद ऑडियो में छात्रा रोते और डरे हुए लहजे में अंग्रेजी में कहती है, “यह आदमी मुझे जबरन पेपर देना चाह रहा है पर मैं नहीं ले रही हूं। यह चाह रहा है कि मैं इसी बहाने इसके ऑफिस में मिलने जाऊं ताकि यह एक बार फिर से मुझसे छेड़खानी कर सके।” छात्रा की इस बात से साफ है कि आरोपी प्रोफेसर पहले भी उसके साथ बदसलूकी कर चुका था।

कुलपति सख्त, 24 घंटे के भीतर मांगी रिपोर्ट

मामला जैसे ही कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत कड़ा रुख अख्तियार किया। कुलपति ने इस पूरे प्रकरण की जांच ‘इंटरनल कंप्लेंट कमेटी’ (ICC) को सौंप दी है। इसके साथ ही कमेटी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मामले की पूरी पड़ताल कर 24 घंटे के भीतर अपनी गोपनीय रिपोर्ट सौंपे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर हसनगंज थाने में केस दर्ज

इस मामले में लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की ओर से हसनगंज थाने में लिखित तहरीर दी गई। पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि शिक्षक और छात्रा के बीच बातचीत के तीन अलग-अलग ऑडियो मिले हैं। ये ऑडियो न केवल विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाओं की गोपनीयता और मर्यादा को भंग करते हैं, बल्कि एक छात्रा की गरिमा और अस्मिता को भी गहरी ठेस पहुंचाते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोपी डॉ. परमजीत पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी

हसनगंज थाना इंस्पेक्टर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम उनसे थाने में कड़ाई से पूछताछ कर रही है और वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच के लिए उसे फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद से लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।