
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल इलाके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुई 22 वर्षीय युवती शिवानी की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले शिवानी के 23 वर्षीय सिरफिरे प्रेमी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो कहानी बयां की, उसे सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। सनकी आशिक ने न सिर्फ शिवानी की गला दबाकर हत्या की, बल्कि उसकी पहचान मिटाने के लिए सीमेंट की ईंट से उसका चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया था।
7 साल पुराना था इश्क, सगाई से दिक्कत नहीं पर बातचीत बंद होने से था नाराज
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम कुमार मांझी ने बताया कि उसका और शिवानी का पिछले 7 सालों से प्रेम संबंध था। वह पिछले कई वर्षों से डिलीवरी बॉय का काम करता था, जबकि शिवानी अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वृंदावन गेट स्थित साईं कॉम्प्लेक्स की एक रियल एस्टेट कंपनी में चैनल पार्टनर के तौर पर नौकरी करती थी। इसी बीच शिवानी की शादी तय हो गई और बीते 4 मई को ‘प्रकाश’ नाम के लड़के के साथ उसकी सगाई भी हो गई। आरोपी ने बताया कि उसे शिवानी की शादी से कोई ऐतराज नहीं था, लेकिन सगाई के बाद शिवानी ने उससे दूरी बना ली, उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और अपना फोन भी बंद कर लिया। यह बात प्रेम कुमार को बर्दाश्त नहीं हो रही थी।
ऑफिस के सहकर्मी मनीष के साथ फोटो देख भड़का था कातिल
आरोपी ने पुलिस को बताया कि शिवानी के साथ दफ्तर में काम करने वाले मनीष नाम के लड़के से उसकी नजदीकियां काफी बढ़ गई थीं। कुछ दिनों पहले उसने शिवानी के मोबाइल में मनीष के साथ उसकी कुछ तस्वीरें देख ली थीं। मनीष का शिवानी के साथ घूमना-फिरना उसे अंदर ही अंदर खाए जा रहा था। रविवार की सुबह प्रेम कुमार शिवानी के ऑफिस पहुंचा और उसकी सहेली से उसका नया नंबर हासिल किया। इसके बाद उसने शिवानी को फोन कर ‘आखिरी बार’ मिलने के बहाने बुलाया।
रबर के पाइप से घोंटा गला, फिर ईंट से चेहरा किया डैमेज
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी प्रेम कुमार शिवानी को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे लाइन के पास स्थित सुनसान जंगलों में ले गया। वहां दोनों के बीच मनीष को लेकर काफी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में पागल प्रेम कुमार ने पास ही पड़े रबर के एक पाइप से शिवानी का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद लाश की पहचान न हो सके, इसलिए उसने पास ही पड़ी सीमेंट की ईंट से शिवानी के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया। सबूत मिटाने के लिए उसने शिवानी का मोबाइल तेलीबाग की नहर में फेंक दिया।
हाथों की मेहंदी और कपड़ों ने खोला शिनाख्त का राज
अगले दिन सोमवार सुबह पुलिस को जंगल में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। चेहरा पूरी तरह डैमेज होने के कारण शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। इसी बीच शिवानी के माता-पिता (गीता और दीपू) बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे। पुलिस उन्हें मोर्चरी ले गई, जहां चेहरा देखकर माता-पिता भी बेटी को पहचान नहीं पाए। लेकिन तभी मां की नजर मृतका के कपड़ों और उसके हाथों पर रची मेहंदी पर पड़ी। दरअसल, कुछ ही दिनों बाद शिवानी की शादी होने वाली थी, जिसके लिए उसके हाथों में शादी की मेहंदी लगी हुई थी। इसी मेहंदी को देखकर बिलखती मां ने अपनी बेटी के शव को पहचाना। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।