Thursday , April 23 2026

अमेरिकी सेना का बड़ा ऑपरेशन: ड्रग तस्करी के शक में तीन नावें ध्वस्त, 11 लोगों की मौत

वाशिंगटन। अमेरिकी सेना ने लैटिन अमेरिकी समुद्री क्षेत्र में ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़े सैन्य अभियान को अंजाम दिया है। सेना के मुताबिक, मंगलवार को संदिग्ध ड्रग तस्करों की तीन तेज रफ्तार नौकाओं पर हमला किया गया, जिसमें कुल 11 लोगों की मौत हो गई। इसे हाल के महीनों में चल रहे अभियान के सबसे घातक अभियानों में से एक माना जा रहा है।

अमेरिकी सेना ने बताया कि सितंबर की शुरुआत से अब तक छोटी नौकाओं के जरिए ड्रग तस्करी में शामिल बताए जा रहे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन हमलों में अब तक 145 लोगों की जान जा चुकी है। सेना ऐसे तस्करों को “नारकोटेररिस्ट” करार दे रही है।

अमेरिकी दक्षिणी कमान के अनुसार अब तक तस्करी मार्गों पर करीब 42 हमले किए जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई में पूर्वी प्रशांत महासागर में दो नौकाओं को निशाना बनाया गया, जिनमें चार-चार लोग सवार थे। इसके अलावा कैरेबियन सागर में तीन लोगों को ले जा रही एक अन्य नाव पर भी हमला किया गया।

हालांकि सेना ने इस बात के कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किए कि इन नौकाओं में ड्रग्स मौजूद थीं, लेकिन उसने ऐसे वीडियो जारी किए हैं जिनमें नौकाओं को नष्ट होते हुए दिखाया गया है। सेना का कहना है कि ये सभी नौकाएं ड्रग तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका लैटिन अमेरिका में ड्रग कार्टेल के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष में है। उन्होंने इसे ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए जरूरी कदम बताया और कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।