Wednesday , April 29 2026

शराबी पति और गृहक्लेश ने उजाड़ी गृहस्थी : दो मासूम बेटियों संग मां ने खाया जहर, तीनों की मौत; भोर में सामने आया खौफनाक मंजर

कानपुर। जनपद के सरसौल क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी दो नन्ही बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला अपने बच्चों के भविष्य को लेकर गहरे तनाव में थी। इस सामूहिक आत्महत्या की खबर से पूरे नजफगढ़ गांव में मातम पसरा हुआ है।

शराबी पति और गृहक्लेश ने उजाड़ी गृहस्थी

जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के नजफगढ़ निवासी चांदनी (30) का विवाह 12 साल पहले मैनपुरी के राकेश से हुआ था। चांदनी के भाइयों, धर्मेंद्र और जितेंद्र ने बताया कि राकेश शराब का आदी था और अक्सर चांदनी के साथ मारपीट करता था। पति के उत्पीड़न से तंग आकर चांदनी करीब 5 साल पहले अपनी दो बेटियों, पायल (6) और ब्यूटी (4) को लेकर मायके आ गई थी। 3 साल पहले सामाजिक पंचायत के जरिए दोनों के बीच अलग रहने का फैसला हुआ था, जिसके बाद से वह अपने पिता रामपाल पासवान के घर पर ही रह रही थी।

मृतक चांदनी की फाइल फोटो

मृतक ब्यूटी की फाइल फोटो

मृतक पायल की फाइल फोटो

भोर में सामने आया खौफनाक मंजर

मृतका के भाई जितेंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह सोकर उठे और बाहर से वापस लौटे, तो घर के पास ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। घर के अंदर चांदनी और उसकी दोनों बेटियां बेसुध जमीन पर पड़ी हुई थीं। आनन-फानन में परिजन तीनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरसौल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही: तड़पती रहीं मासूम, नहीं पहुंची एंबुलेंस

इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को भी उजागर कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने ‘108 एंबुलेंस’ को कई बार फोन किया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भी करीब 7 बार कॉल की, तब जाकर एक घंटे बाद एंबुलेंस मिली। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते एंबुलेंस मिल जाती और इलाज शुरू हो जाता, तो शायद आज चांदनी और उसकी बेटियां जिंदा होतीं।

पुलिसिया जांच और कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि शुरुआती तौर पर यह मामला घरेलू तनाव और आर्थिक तंगी से जुड़ी आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

The post शराबी पति और गृहक्लेश ने उजाड़ी गृहस्थी : दो मासूम बेटियों संग मां ने खाया जहर, तीनों की मौत; भोर में सामने आया खौफनाक मंजर appeared first on voice of india.