Saturday , May 16 2026

लखनऊ: BBD यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में आधी रात को भारी बवाल, मेस में खाना ले जाने को लेकर भिड़े छात्र और वार्डन, कई थानों की पुलिस तैनात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अयोध्या रोड पर स्थित बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय (BBDU) परिसर शुक्रवार की रात अखाड़ा बन गया। हॉस्टल की मेस में खाने को लेकर छात्रों और वार्डन के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ गया कि आक्रोशित छात्रों ने पूरे परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। बवाल इतना बढ़ गया कि माहौल बिगड़ता देख कई थानों की पुलिस फोर्स और आला अधिकारियों को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस के ठोस कार्रवाई के आश्वासन पर छात्र शांत हुए।

हॉस्टल में थाली ले जाने पर भड़का विवाद, छात्र का हाथ मरोड़ने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रोजाना की तरह छात्रों को खाना परोसा जा रहा था। इसी दौरान एक छात्र मेस से खाने की थाली लेकर अपने हॉस्टल के कमरे की तरफ जाने लगा। छात्रों का आरोप है कि वहां मौजूद वार्डन ने छात्र को मेस से बाहर थाली ले जाने से कड़ाई से मना कर दिया। जब छात्र ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि वार्डन ने आपा खो दिया और छात्र का हाथ मरोड़ते हुए उसकी पिटाई कर दी। अपने साथी छात्र के साथ हुई इस बदसलूकी की खबर हॉस्टल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में छात्र परिसर में इकट्ठा हो गए।

गेट तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश, मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल

गुस्साए छात्रों ने वार्डन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कैंपस के भीतर घूम-घूमकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। हंगामा कर रहे छात्रों ने यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट तोड़कर सड़क पर आने की भी कोशिश की, लेकिन मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने उन्हें भीतर ही रोके रखा।

यूनिवर्सिटी कैंपस में बवाल की सूचना मिलते ही बीबीडी इंस्पेक्टर राम सिंह, चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा, एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी और गाजीपुर सर्किल के एसीपी अनिद्य विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे से चल रहा हंगामा शांत हो सका।

परदे के पीछे की कहानी: ‘नॉनवेज और रोटी’ के चक्कर में हुआ असली विवाद?

इस पूरे बवाल को लेकर यूनिवर्सिटी कैंपस में एक और चर्चा सरगर्म है। कुछ छात्रों के अनुसार, विवाद की असली वजह कुछ और ही थी। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर अयोध्या रोड पर स्थित एक होटल से नॉनवेज (मांसाहारी भोजन) मंगवाया था। इसके बाद वह सिर्फ रोटी लेने के लिए हॉस्टल की मेस में गया। जब वार्डन को इस बात की भनक लगी कि छात्र बाहर से लाए गए नॉनवेज के साथ खाने के लिए मेस से रोटी मांग रहा है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई जो बाद में मारपीट और इतने बड़े बवाल में तब्दील हो गई।

पुलिस का बयान: तहरीर मिलने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र मेस से हॉस्टल के कमरे में खाना ले जाना चाहते थे, जिसे लेकर वार्डन से उनकी कहासुनी हुई। छात्रों ने वार्डन पर मारपीट और हाथ मरोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में अभी तक छात्र या प्रशासन किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर (शिकायत) नहीं दी गई है। जैसे ही किसी पक्ष से तहरीर मिलती है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर उचित कानूनी कदम उठाएगी। फिलहाल कैंपस में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांत है।