Saturday , May 9 2026

फतेहपुर में सनसनी: प्रेमी ने गला घोंटकर ली प्रेमिका की जान, थाने पहुंचकर बोला- ‘साहब! मैंने उसकी हत्या कर दी’

गाजीपुर/फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शनिवार सुबह एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की दुपट्टे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय सीधे ललौली थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी का इकबालिया बयान सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए।

6 साल पहले पति को छोड़ प्रेमी संग रहने लगी थी राखी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, असोथर थाना क्षेत्र के कैथनपुरवा निवासी राखी उर्फ मालती देवी (27) की शादी करीब 6 साल पहले जितेंद्र रैदास से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद राखी अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी राजपाल उर्फ विजय रैदास के साथ रहने लगी थी। राखी अपने प्रेमी के साथ बहादुरपुर गांव में रह रही थी और उनकी 5 साल की एक बेटी पायल भी है।

विवाद के बाद दुपट्टे से घोंटा गला

पुलिस के मुताबिक, प्रेमी राजपाल और राखी के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजपाल ने राखी के ही दुपट्टे से उसका गला दबा दिया। दम घुटने के कारण राखी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी राजपाल ललौली थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी कि वह अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को घर में छोड़ आया है।

एएसपी और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलते ही एएसपी ज्ञान प्रकाश राय, सीओ ब्रजमोहन राय और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सूर्यवंशी ने बताया कि मृतका की मां सुशीला देवी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया

इस खौफनाक वारदात ने एक 5 साल की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया छीन लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी राजपाल अक्सर ललौली के गांधीनगर इलाके में रहता था, लेकिन बहादुरपुर वाले घर में भी उसका आना-जाना था। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर विवाद की मुख्य वजह क्या थी, जिसने राजपाल को इतना बड़ा खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।