Thursday , April 23 2026

लुधियाना में परीक्षा में फर्जीवाड़ा, सहेली की जगह 10वीं का पेपर देने पहुंची अंडरग्रेजुएट; दोनों गिरफ्तार

लुधियाना में दसवीं की परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है। यहां एक अंडरग्रेजुएट छात्रा अपनी सहेली की जगह परीक्षा देने एग्जाम सेंटर पहुंच गई। हालांकि अधिकारियों की सतर्कता के चलते उसकी पहचान उजागर हो गई और मौके पर ही पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने इस मामले में दोनों सहेलियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

एडमिट कार्ड की फोटो से हुआ शक

यह मामला पंजाबी भाषा के ओपन एग्जाम के दौरान सामने आया, जो पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के तहत आयोजित किया जा रहा था। डिवीजन नंबर-5 थाना पुलिस ने गवर्नमेंट हाई स्कूल, सराभा नगर स्थित परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट भूपिंदर पाल सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की।

शिकायत के आधार पर गांव ससराली निवासी मनप्रीत कौर और कैलाश नगर की अंडरग्रेजुएट छात्रा पल्लवी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

आधार कार्ड जांच में खुला फर्जीवाड़ा

जांच अधिकारी कांस्टेबल हरविंदर सिंह के अनुसार परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट ने पुलिस को सूचना दी कि पल्लवी नाम की युवती मनप्रीत कौर की जगह दसवीं का पेपर देने सेंटर पहुंची थी। एडमिट कार्ड पर लगी फोटो स्पष्ट नहीं होने के कारण अधिकारियों को संदेह हुआ।

इसके बाद जब उससे पहचान के लिए आधार कार्ड दिखाने को कहा गया तो उसमें लगी तस्वीर उससे मेल नहीं खा रही थी। इसी आधार पर अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की, जिसमें पूरा मामला सामने आ गया।

दोस्ती निभाने के लिए देने पहुंची थी पेपर

पूछताछ में पल्लवी ने बताया कि मनप्रीत उसकी सहेली है। मनप्रीत ने बताया था कि उसने पंजाबी इतिहास और संस्कृति-1 विषय की तैयारी नहीं की है और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं है। इसी वजह से उसने पल्लवी से अपनी जगह परीक्षा देने की गुजारिश की थी।

पल्लवी ने दोस्ती का हवाला देते हुए उसकी जगह परीक्षा देने के लिए हामी भर दी और एग्जाम सेंटर पहुंच गई, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता के कारण उसकी योजना सफल नहीं हो सकी।