Thursday , May 14 2026

मैनपुरी में हैवानियत: मामूली विवाद में महिला पर कुल्हाड़ी से हमला, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर किया अधमरा

 

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में दबंगों का ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। थाना किशनी क्षेत्र के गांव कैथोंली में मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि दबंगों ने एक महिला पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। महिला के सिर पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव हैं और उसे तब तक पीटा गया जब तक वह बेसुध नहीं हो गई। मरणासन्न हालत में महिला को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानवरों को चारा देने गई थी महिला, घेरकर बोला हमला

जानकारी के मुताबिक, घायल मालती देवी (पत्नी संजीव कुमार) अपने आबादी वाले घर में जानवरों को चारा-पानी देने गई थीं। इसी दौरान गांव के ही दबंग विजय पाल उर्फ लेखपाल और उसके परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विजय पाल के साथ उसकी पत्नी प्रीती, बेटियां प्रभा व सृष्टि और मां अनारवती ने मिलकर मालती को घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने हिंसक रूप धारण कर लिया और निहत्थी महिला पर कुल्हाड़ी और लाठियों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।

बेटी का आरोप: घर में अकेला पाकर रची साजिश

पीड़िता की बेटी ने बताया कि उसके पिता मजदूरी के काम से बाहर गए हुए थे और वह खुद खेत पर थी। घर में मां को अकेला पाकर दबंगों ने रंजिश निकालने के लिए यह हमला किया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मालती देवी के सिर से भारी मात्रा में खून बह गया और उनके पूरे शरीर पर लाठियों के नीले व लाल निशान पड़ गए हैं। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

इलाके में दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच

इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव कैथोंली में तनाव और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लहूलुहान महिला को मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना किशनी पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।