Monday , May 18 2026

Lakhimpur Kheri Road Accident: लखीमपुर खीरी में रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा, ट्रक और मैजिक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, 10 लोगों की दर्दनाक मौत

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से सोमवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रहे सवारी वाहन (मैजिक) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 2 महिलाओं समेत सभी 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

पिचक गया मैजिक का अगला हिस्सा, सीट के बीच ही फंसे रह गए शव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर ईसानगर थाना क्षेत्र के अदलीसपुर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। वाहन में बैठे यात्रियों के सिर फट गए और कई शव सीट के बीच में ही बुरी तरह फंस गए, जबकि दो लोग टक्कर के बाद उछलकर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी गाड़ियों से घायलों को निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

सीएचसी अधीक्षक का बयान: क्षत-विक्षत हो गए थे शव, अस्पताल ले जाते समय आखिरी घायल ने भी तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 2 महिलाओं और 7 पुरुषों के शव अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से कई बॉडी बुरी तरह कुचली और क्षत-विक्षत हो चुकी थी। वहीं, एक पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन घावों के अत्यधिक गहरा होने के कारण उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 10 हो गई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने ट्रक को लिया कब्जे में, तीन मृतकों की हुई पहचान, चालक की तलाश जारी

खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP 14 HT 5176) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रहा था, तभी बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उसे रौंद दिया।

अब तक पुलिस ने मृतकों में से तीन लोगों की शिनाख्त कर ली है, जिनकी पहचान जयवीर सिंह (25 वर्ष) पुत्र पेशकर सिंह (निवासी ग्राम मन गोठिया, बहराइच), अदनान पुत्र वकील (निवासी ग्राम सिसैया, धौरहरा-खीरी) और पवन पुत्र संतोष (निवासी ग्राम मंझरा राम वचन पुरवा, बहराइच) के रूप में हुई है। पुलिस बाकी के 7 मृतकों की पहचान करने के लिए आसपास के गांवों और थानों से संपर्क साध रही है।