Monday , June 8 2026

पटना में चलती कार बनी आग का गोला, एजीएम ने कूदकर बचाई जान; 6 महीने में 10 से ज्यादा घटनाओं से बढ़ी चिंता

पटना। राजधानी पटना में वाहन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दीघा गोलंबर पर शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में वह आग का गोला बन गई। कार चला रहे निजी कंपनी के एजीएम ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घर लौटते वक्त हुआ हादसा, इंजन से उठा धुआं
पुलिस के मुताबिक, कार सवार एक निजी कंपनी में एजीएम पद पर कार्यरत हैं और दीघा इलाके में ही कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह जक्कनपुर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर स्थित अपने आवास लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार दीघा गोलंबर पहुंची, इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा।

कार रोकते ही भड़की आग, कुछ ही मिनटों में जलकर खाक
धुआं देख चालक ने तुरंत कार साइड में रोक दी और बाहर निकल आए। वह आग बुझाने के लिए पानी की तलाश कर ही रहे थे कि तभी कार से तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और सड़क पर आग का गोला बन गई।

यातायात पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पास में स्थित गांधी मैदान यातायात थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

कार सवार सुरक्षित, जांच में जुटी पुलिस
गांधी मैदान यातायात थानाध्यक्ष ने बताया कि कार सवार समय रहते बाहर निकल गए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

लगातार बढ़ रही कार में आग की घटनाएं
पटना और आसपास के इलाकों में पिछले छह महीनों में कारों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वाहन चालकों में दहशत है। बीते महीनों में कई जगहों पर चलती और खड़ी कारों में आग लग चुकी है।

पिछले 6 महीनों में कार में आग लगने की प्रमुख घटनाएं
सितंबर 2025: वैशाली के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में चलती कार में आग
नवंबर 2025: नालंदा में एनएच-20 पर कार में आग
दिसंबर 2025: जेपी गंगा पथ पर डॉक्टर की कार में आग
दिसंबर 2025: राजा बाजार में खड़ी कार में आग
दिसंबर 2025: गर्दनीबाग पुलिस कॉलोनी में खड़ी कारों में आग
जनवरी 2026: एयरपोर्ट के पास खड़ी कार में आग
जनवरी 2026: रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में कार में आग
जनवरी 2026: दीघा में जेपी सेतु के पास नई कार में आग
जनवरी 2026: अटल पथ पर चलती एंबुलेंस में आग
फरवरी 2026: नेहरू पथ फ्लाईओवर पर चलती कार में आग
फरवरी 2026: दीघा गोलंबर पर चलती कार में आग

वाहन सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने वाहन मेंटेनेंस, फिटनेस और इलेक्ट्रिक सिस्टम की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर सर्विसिंग और तकनीकी जांच से ऐसे हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।