Tuesday , June 2 2026

आजमगढ़ से पकड़ा गया पाकिस्तानी गैंगस्टर का गुर्गा, महिला नेता की हत्या और बड़े आतंकी हमले की थी साजिश, UP ATS का बड़ा खुलासा

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एटीएस ने आजमगढ़ से एक ऐसे शातिर युवक को धर दबोचा है, जो पाकिस्तानी गैंगस्टर और वहां की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए काम कर रहा था। जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। पकड़े गए आरोपी को ट्रायल के तौर पर भारत के ही एक दूसरे राज्य की महिला राजनेता की हत्या करने का टारगेट दिया गया था, जिसके बाद वह किसी बड़े आतंकी मिशन को अंजाम देने वाला था।

अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने सोमवार को इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है, जिसके तहत इस बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है।

पाकिस्तानी और दुबई के नंबरों से जुड़ा था मोहम्मद शेख

एटीएस की टीम ने आजमगढ़ जिले के खुदादादपुर इलाके से मोहम्मद शेख नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। जब सुरक्षा एजेंसियों ने उसके पास से बरामद मोबाइल की बारीकी से जांच की, तो कई चौंकाने वाले सबूत सामने आए। मोहम्मद शेख सीधे तौर पर पाकिस्तान के कुख्यात शहजाद भट्टी आतंकी गैंग के संपर्क में था। वह पाकिस्तानी और दुबई के संदिग्ध नंबरों के जरिए लगातार सीमा पार बैठे अपने आकाओं से बातचीत कर रहा था।

सोशल मीडिया पर जेहादी विचारधारा और साथियों को भड़काने का खेल

जांच में पता चला है कि मोहम्मद शेख पाकिस्तानी गैंग के सोशल मीडिया अकाउंट्स से गहराई से जुड़ा हुआ था। वह उनकी कट्टपंथी और जेहादी विचारधारा से इस कदर प्रभावित हो चुका था कि खुद भी इंटरनेट पर जेहाद की बातें करने लगा था। इतना ही नहीं, वह अपने आसपास के अन्य स्थानीय युवकों को भी इस आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बनाने और देश के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए लगातार उकसा रहा था। मोहम्मद शेख को मुख्य रूप से शहजाद भट्टी, अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी नाम के हैंडलर्स ऑपरेट कर रहे थे।

महिला नेता की हत्या के लिए जुटा लिए थे हथियार, रिमांड की तैयारी

यूपी एटीएस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उसे एक ‘ट्रायल टास्क’ दिया था। इसके तहत उसे दूसरे राज्य की एक राजनीतिक पार्टी की महिला नेता की हत्या करनी थी। इस हत्या को अंजाम देने के बाद उसे भारत में किसी बहुत बड़े आतंकी मिशन पर भेजा जाना था। इस खौफनाक साजिश को अमलीजामा पहनाने के लिए मोहम्मद शेख ने एक 9mm पिस्टल और चार जिंदा कारतूस का इंतजाम भी कर लिया था। एटीएस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसकी पुलिस रिमांड मांगेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों और हथियारों के सप्लायर का पता लगाया जा सके।