Monday , June 8 2026

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं ओले, कई जिलों में अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मेघगर्जन के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार शाम नागौर जिले में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। नागौर के अलावा सीकर, पाली, श्रीगंगानगर और डीडवाना-कुचामन में भी जमकर बरसात दर्ज की गई। वहीं राजधानी जयपुर, बीकानेर और अजमेर में देर रात तक बादल छाए रहे और बारिश जैसे हालात बने रहे।

जयपुर में ठंडी हवाएं, बदला दिन का मिजाज
जयपुर में बुधवार सुबह से ही तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। इससे पहले बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा था और तेज धूप खिली थी। पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर और जोधपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री अधिक बना हुआ है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान की स्थिति
मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में आर्द्रता का स्तर 30 से 60 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान
अजमेर 29.5, भीलवाड़ा 30.3, अलवर 29.5, जयपुर 29.1, पिलानी 32.4, सीकर 29.0, कोटा 30.5, चित्तौड़गढ़ 32.4, बाड़मेर 33.0, जैसलमेर 30.5, जोधपुर 31.8, बीकानेर 30.9, चूरू 31.4, श्रीगंगानगर 24.4, माउंट आबू 22.8, नागौर 29.0, डूंगरपुर 31.7, जालौर 31.6, सिरोही 23.5, फतेहपुर 30.0, करौली 30.0, दौसा 30.9 और झुंझुनूं में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख जिलों का न्यूनतम तापमान
अजमेर 16.5, भीलवाड़ा 15.1, अलवर 10.6, जयपुर 18.4, पिलानी 13.9, सीकर 16.5, कोटा 16.0, चित्तौड़गढ़ 16.4, बाड़मेर 16.5, जैसलमेर 14.7, जोधपुर 11.9, माउंट आबू 9.6, बीकानेर 17.2, चूरू 15.6, श्रीगंगानगर 14.5, अंटा बारां 12.6, संगरिया 15.3, जालौर 11.9, सिरोही 10.8, फतेहपुर 12.7, करौली 10.0, दौसा 11.5 और झुंझुनूं में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मावठ के असर से अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिसके बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ सकती है।