मोदीनगर (गाजियाबाद)। दिल्ली से सटे मोदीनगर के सीकरी कला गांव में गुरुवार देर रात फिल्मी अंदाज में एक बड़ी वारदात सामने आई है। इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ कालू पर एक अज्ञात बदमाश ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। हैरत की बात यह रही कि शरीर में चार गोलियां लगने के बावजूद राहुल खुद करीब 30 मिनट तक कार चलाकर अस्पताल पहुंचा। फिलहाल उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
स्वागत होटल के पास हुई वारदात
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजकरण नैय्यर के मुताबिक, मूल रूप से बेगमाबाद निवासी राहुल उर्फ कालू मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। गुरुवार रात वह सीकरी कला स्थित ‘स्वागत होटल’ पर किसी से मिलने के लिए रुका था। वहां वह पहले से मौजूद एक युवक से बात कर ही रहा था कि अचानक उस युवक ने पिस्टल निकालकर राहुल पर फायरिंग झोंक दी। हमलावर ने एक के बाद एक चार गोलियां राहुल के सीने, पेट और कंधे पर दाग दीं।
मौत को मात देकर खुद पहुंचा अस्पताल
गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया, लेकिन लहूलुहान हालत में भी राहुल ने हिम्मत नहीं हारी। वह खुद अपनी कार की स्टेयरिंग पर बैठा और करीब आधे घंटे तक गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत ऑपरेशन शुरू किया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है राहुल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल उर्फ कालू पर हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने सगे भाई की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। महज पांच महीने पहले ही उसे राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के जिला उपाध्यक्ष रवि बाल्मीकि से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था और वर्तमान में एक किसान संगठन के जिलाध्यक्ष के रूप में सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने का दावा कर रहा था।
पुलिस को साजिश की बू, पुराने मुकदमों की जांच तेज
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच में सामने आया है कि पिछले वर्ष भी राहुल ने थाना निवाड़ी में इसी तरह की एक घटना का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें कुछ लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस इस कोण से भी जांच कर रही है कि कहीं यह विरोधियों को फंसाने की कोई साजिश तो नहीं या फिर आपसी रंजिश का नतीजा। पुलिस की टीमें राहुल के कॉल डिटेल्स और पुराने विवादों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
The post गाजियाबाद में सनसनी: हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 गोलियां लगने के बाद खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचा ‘कालू’ appeared first on voice of india.
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।
