नोएडा/जेवर: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक सौतेले पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न सिर्फ हत्या की, बल्कि पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही थाने जाकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस की तफ्तीश के सामने कातिल पिता के झूठ के पैर ज्यादा देर टिक नहीं सके और बुधवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गुमशुदगी की आड़ में छिपाई हत्या की साजिश
थाना जेवर क्षेत्र के रोही गांव के निवासी सुरेंद्र (45) ने अपनी सौतेली बेटी रिया (17) की हत्या को एक सामान्य गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र ने 20 अप्रैल को रिया के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसकी जान ले ली। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने शव को यमुना नदी के किनारे घने जंगल और झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद वह खुद थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी कहीं लापता हो गई है।
पुलिस जांच और नानी के घर से मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रिया अधिकांश समय अपनी नानी के घर ही रहती थी और कभी-कभी ही अपने सौतेले पिता के पास आती थी। स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ में एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि रिया ने पहले भी अपने सौतेले पिता सुरेंद्र पर ‘गलत नजर’ रखने के आरोप लगाए थे। इसी इनपुट ने पुलिस के शक की सुई सुरेंद्र की तरफ घुमा दी।
कंकाल बरामद और आरोपी पिता गिरफ्तार
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी सुरेंद्र टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार देर रात यमुना किनारे की झाड़ियों से किशोरी का कंकाल बरामद किया। सुरेंद्र ने बताया कि उसने तीसरी शादी तुलसी नाम की महिला से की थी और रिया उसकी पत्नी के पहले पति की संतान थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
The post तीन शादियां और एक खौफनाक साजिश: सौतेले पिता ने ही की थी बेटी की हत्या, शव को यमुना किनारे झाड़ियों में फेंका…. appeared first on voice of india.
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।
