Thursday , April 23 2026

मीरजापुर में काल बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक: ड्रमंडगंज घाटी में भीषण भिड़ंत के बाद जिंदा जले 11 लोग, चीखों से दहला इलाका

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बुधवार की रात उस वक्त कोहराम मच गया, जब ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने मौत का तांडव मचाया। ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हुए ट्रक ने एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में बोलेरो सवार 8 लोगों समेत कुल 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो चंद सेकंडों में आग का गोला बन गई और उसमें सवार किसी भी शख्स को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

ब्रेक फेल होते ही मचा हाहाकार, आग का गोला बनी बोलेरो

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर मीरजापुर की तरफ आ रहे एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। ढलान और तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक ने सबसे पहले एक कंटेनर को टक्कर मारी और फिर आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बोलेरो डिवाइडर से जा टकराई और उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बोलेरो धू-धू कर जलने लगी, जिससे उसमें सवार दो महिलाओं और दो बच्चों सहित आठ लोग जिंदा जल गए।

चार वाहनों की भिड़ंत में ट्रक चालक और खलासी ने भी तोड़ा दम

बोलेरो को रौंदने के बाद भी ट्रक की रफ्तार नहीं थमी। उसने आगे चल रही एक कार को जोरदार टक्कर मारी और अंत में गिट्टी लदे एक ट्रेलर में जा घुसा। इस भीषण भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए और सोनभद्र निवासी चालक जय प्रकाश (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक के केबिन के चिथड़े उड़ने से ट्रक चालक और खलासी ने भी दम तोड़ दिया। सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।

आंखों के सामने तड़पते रहे लोग, बेबस खड़े रहे राहगीर

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप गई। चश्मदीदों ने बताया कि बोलेरो में लगी आग इतनी भयावह थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। गाड़ी के भीतर से लोगों के चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं, लेकिन लपटों ने पूरे वाहन को घेर रखा था। लोग अपनी आंखों के सामने मासूमों और महिलाओं को जलता देखने को मजबूर थे। देर रात जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटनास्थल का मुआयना किया और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास तेज किए।

सीएम योगी ने जताया दुख, 4 घंटे तक ठप रहा वाराणसी-रीवां मार्ग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस भीषण दुर्घटना के कारण वाराणसी-रीवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब चार घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर देर रात एक लेन से यातायात सुचारू कराया।

The post मीरजापुर में काल बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक: ड्रमंडगंज घाटी में भीषण भिड़ंत के बाद जिंदा जले 11 लोग, चीखों से दहला इलाका appeared first on voice of india.