
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और तापमान फिर बढ़त पर है। आगरा में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया, जबकि आने वाले दिनों में इसमें करीब दो डिग्री तक और वृद्धि की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिनभर तेज धूप और साफ आसमान बना रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के बाद फिर चढ़ा तापमान
18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव हुआ था और दिनभर बूंदाबांदी व बारिश दर्ज की गई थी। उस दौरान फरवरी के मध्य में 32°C तक पहुंचा अधिकतम तापमान गिरकर 24°C तक आ गया था, लेकिन अब इसमें फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है।
रविवार का तापमान सामान्य से ज्यादा
रविवार सुबह से धूप खिली रही और दिन चढ़ने के साथ गर्माहट बढ़ती गई। अधिकतम तापमान 30.8°C और न्यूनतम 14.0°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8°C अधिक रहा। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 29.5°C और न्यूनतम 14.7°C दर्ज हुआ था।
मौसम वैज्ञानिक का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी मो. दानिश के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, इसलिए मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन-रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
लखनऊ में धूप और हल्की हवाओं का अनुमान
लखनऊ के लिए सोमवार को तेज धूप निकलने की संभावना जताई गई है। दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि एक-दो डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा और हल्की हवाएं चलेंगी।
कानपुर, मेरठ और गोरखपुर का हाल
कानपुर में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। मेरठ में मौसम साफ रहेगा और हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। वहीं गोरखपुर के साथ देवरिया और बस्ती में भी सोमवार को साफ मौसम और चमकीली धूप रहने का पूर्वानुमान है।
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।