Saturday , May 9 2026

झांसी में सनसनी: लोकगीत गायिका की नृशंस हत्या, शव को जलाकर नदी किनारे फेंका; इलाके में भारी तनाव

झांसी (बंगरा): बुंदेलखंड के झांसी जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बंगरा क्षेत्र की मशहूर लोकगीत गायिका की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को बुरी तरह जला दिया। शनिवार की सुबह ग्राम पंचायत पठाकरका के पास नदी किनारे क्षत-विक्षत और जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और जला हुआ मोबाइल बरामद किया है।

खेत पर गए किसानों ने देखा खौफनाक मंजर, अधजली हालत में मिला शव

घटना थाना उल्दन क्षेत्र के पठाकरका और चौकरी गांव के बीच स्थित नदिया की है। शनिवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्होंने बांध के ऊपर आग के भीषण निशान देखे। पास जाकर देखने पर वहां एक महिला की अधजली लाश पड़ी थी। ग्रामीणों की सूचना पर ग्राम प्रधान डॉ. जगदीश कुशवाहा ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका का शरीर एक मांस के लोथड़े के रूप में मिला; हाथ-पैर जलकर अलग हो चुके थे। चेहरा और बाल देखकर अंदाजा लगाया गया कि मृतका विवाहित थी।

गहनों और चप्पलों से हुई पहचान: घर से फोन पर बात करते हुए निकली थीं ‘लवली’

देर शाम मृतका की शिनाख्त बंगरा निवासी 45 वर्षीय लाडकुंवर कुशवाहा उर्फ ‘लवली मौर्या’ के रूप में हुई। वे लोकगीत गायिका थीं और उनके पति मोहनलाल कुशवाहा हलवाई का काम करते हैं। परिजनों ने मौके पर मिली पायल, अंगूठी, साड़ी के टुकड़े और काली चप्पल से उनकी पहचान की। परिजनों ने बताया कि लवली शुक्रवार शाम करीब 7 बजे किसी से फोन पर बात करते हुए घर से निकली थीं, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटीं।

शराब की पार्टी और हत्या की साजिश: मौके पर मिले अहम सुराग

घटनास्थल के हालात चीख-चीख कर किसी बड़ी साजिश की गवाही दे रहे हैं। पुलिस को पास के खेत में शराब की बोतलें, बीयर की केन, नमकीन के पैकेट और एक जला हुआ मोबाइल मिला है। खेत के तारों में महिला की लाल साड़ी का टुकड़ा भी फंसा मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि कुछ लोग महिला को बाहर से यहां लेकर आए, उसके साथ कोई अनहोनी की और फिर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए पेट्रोल या किसी ज्वलनशील पदार्थ से शव को आग लगा दी।

पुलिस की दो टीमें गठित, फोरेंसिक जांच शुरू

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ टहरौली आसमा वकार और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया गया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

पुरानी यादें हुई ताजा: 6 साल पहले भी दहला था बंगरा का जंगल

इस घटना ने 26 नवंबर 2020 की उस पुरानी वारदात की यादें ताजा कर दी हैं, जब बंगरा-कटेरा रोड पर कचनेव के जंगल में एक अज्ञात महिला की जली हुई लाश मिली थी। उस मामले में पुलिस आज तक मृतका की पहचान भी नहीं कर पाई थी। हालांकि, इस बार मृतका की पहचान हो जाने से पुलिस को उम्मीद है कि कातिल जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।