Friday , May 15 2026

मेरठ का ‘ड्रम मर्डर केस’: पति के कातिल साहिल और मुस्कान की जेल में बढ़ी बेचैनी, 20 मई को होगी अंतिम बहस…क्या मिलेगी फांसी?

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सबसे सनसनीखेज और बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड के आरोपियों को जल्द ही उनके किए की सजा मिल सकती है। इस खौफनाक कत्ल की मुख्य आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल के मामले में अदालत अब अंतिम फैसले के बेहद करीब पहुंच चुकी है। कोर्ट में आगामी 20 मई को इस केस पर फाइनल बहस होनी तय हुई है। जैसे-जैसे फैसले की तारीख नजदीक आ रही है, मेरठ जेल की सलाखों के पीछे बंद साहिल और मुस्कान की धड़कनें और बेचैनी काफी बढ़ गई है।

कत्ल के बाद नीले ड्रम में सीमेंट से जमा दी थी पति की लाश

थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र की यह रूह कंपा देने वाली घटना उस वक्त सुर्खियों में आई थी, जब मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने ही पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी। शातिर कातिलों ने पकड़े जाने के डर से सौरव की लाश के टुकड़े-टुकड़े किए और उन्हें एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भर दिया। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए ड्रम को कंक्रीट और सीमेंट से पूरी तरह जमा दिया था। पुलिस ने जब इस खौफनाक वारदात का खुलासा किया था, तो पूरा मेरठ दहल उठा था।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर हुई मुलाकात, आंखों ही आंखों में रो पड़े दोनों

सुरक्षा कारणों और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अदालत से आरोपियों की ऑनलाइन पेशी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। बीते 2 अप्रैल को मेरठ जेल में बंद साहिल और मुस्कान की न्यायिक हिरासत को जब 14 दिन के लिए और बढ़ाया गया, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में एक बेहद भावुक ड्रामा देखने को मिला।

लंबे समय बाद जब दोनों ने स्क्रीन के जरिए एक-दूसरे को देखा, तो बस देखते ही रह गए। दो मिनट तक दोनों एक ही कमरे (वर्चुअल स्पेस) में साथ रहे, हालांकि सख्त पहरे के कारण दोनों के बीच कोई सीधी बातचीत नहीं हो सकी। दोनों की नजरें मिलीं और आंखों ही आंखों में बातें होने लगीं। मुस्कान काफी इमोशनल होने लगी और उसकी आंखों से आंसू बहने लगे। साहिल ने मुस्कान से बात करने और करीब आने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जेल पुलिस ने तुरंत दोनों को पीछे हटा दिया।

ढाई फीट लंबे बाल कटे, नए लुक में प्रेमी को देखती रह गई पत्नी

इस पेशी के दौरान मुस्कान ने जेल आने के बाद पहली बार साहिल को एक बिल्कुल नए गेट अप और लुक में देखा था। दरअसल, जेल में आने से पहले साहिल के बाल करीब ढाई फीट लंबे थे, जो अब पूरी तरह कट चुके हैं। मुस्कान अपने प्रेमी के इस बदले हुए रूप को देखकर हैरान रह गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जज ने पहले मुस्कान और फिर साहिल से उनके नाम पूछे और अगली औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान सीनियर जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा और जेल सुरक्षा अधिकारी मौके पर खुद मौजूद रहे। पेशी खत्म होते ही मुस्कान को वापस महिला बैरक और साहिल को पुरुष बैरक में भेज दिया गया। अदालत में इन दोनों आरोपियों की पैरवी वकील रेखा जैन कर रही हैं। अब पूरे वेस्ट यूपी की नजरें 20 मई को होने वाली फाइनल बहस पर टिकी हैं, जिसके बाद अदालत अपना अंतिम फैसला सुनाएगी।