मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सात फेरों के बंधन की डोर महज 13 दिनों में ही टूट गई। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता अपने पति को छोड़कर प्रेमी के संग चली गई। जब मामला थाने पहुंचा और हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, तो पति ने भी बड़ा फैसला लेते हुए भरी पंचायत में अपनी पत्नी को आजाद कर दिया और मौके पर ही तलाक दे दिया।
शादी की मेहंदी सूखने से पहले ही जेवर समेटकर हुई फरार
जानकारी के मुताबिक, पाकबड़ा क्षेत्र के एक गांव के युवक का विवाह बीती 9 अप्रैल को पड़ोस के गांव की रहने वाली युवती से हुआ था। घर में नई बहू के आने की खुशियां अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थीं कि शादी के ठीक 13वें दिन यानी 22 अप्रैल की रात दुल्हन ने सनसनी मचा दी। रात के अंधेरे में दुल्हन घर में रखे कीमती जेवर और नकदी समेटकर अचानक गायब हो गई। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ने टैंपो स्टैंड से किया बरामद, थाने में चली लंबी पंचायत
पत्नी के लापता होने के बाद पीड़ित पति ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार युवती की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को पुलिस को सफलता मिली और युवती को पाकबड़ा के ही एक टैंपो स्टैंड से उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया गया। युवती के मिलने की खबर जैसे ही ससुराल और मायके पक्ष को हुई, थाने पर भारी भीड़ जमा हो गई। थाने परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच घंटों तक पंचायत चली और समझाने-बुझाने का दौर चला।
‘मैं प्रेमी के साथ ही रहूंगी’— दुल्हन के जवाब के बाद पति ने लिया कड़ा फैसला
पंचायत के दौरान पति और उसके परिजनों ने महिला को साथ चलने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन ने पुलिस और समाज के सामने दो टूक शब्दों में कह दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं, बल्कि अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। दुल्हन के इस अड़ियल रुख को देख पति का सब्र जवाब दे गया। आखिरकार, आपसी सहमति और पंचायत के निर्णय के बाद पति ने उसे तलाक दे दिया। दोनों पक्षों ने लिखित में समझौता पत्र दिया कि वे भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।
