महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक डिग्री कॉलेज परिसर में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज की छत पर शुक्रवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर में गोली लगी थी और उसके पैर के पास एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिसर में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
छात्राओं के हॉस्टल वाली छत पर खून से लथपथ मिला शव
मृतक की पहचान 23 वर्षीय अजय यादव पुत्र केशव यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के कुसमा बिरौली रगड़गंज का निवासी था। बताया जा रहा है कि अजय पिछले छह महीनों से इसी कॉलेज में कार्यरत था। इस कॉलेज परिसर में कौशल विकास योजना के तहत छात्राओं को नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस छत पर यह वारदात हुई, वहां कुछ ही दूरी पर कॉलेज की दाई और सात छात्राएं सो रही थीं। दाई के मुताबिक, रात करीब 10 बजे उसने अजय को भोजन के लिए टोका था, लेकिन उसने मना कर दिया था। इसके बाद देर रात करीब तीन बजे अचानक गोली चलने की जोरदार आवाज हुई, जिससे घबराकर छात्राएं और दाई नीचे भाग आईं। सुबह जब जाकर देखा गया तो अजय की लाश पड़ी हुई थी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या या आत्महत्या की उलझन में पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) सदर अंकुर गौतम और श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अवैध पिस्टल को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और शव के पास अवैध हथियार का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल करने के लिए आत्महत्या और हत्या, दोनों ही दृष्टिकोणों से कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर शांत हुआ हंगामा
अजय की मौत की खबर जैसे ही उसके गृह जनपद पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के ममेरे भाई माखन यादव समेत भारी संख्या में परिजन कॉलेज परिसर पहुंचे और अजय की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे कॉलेज प्रशासन के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दखल दिया और परिजनों को वैज्ञानिक व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी तरह पारदर्शी जांच का भरोसा देकर शांत कराया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सभी तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
News India 7 आपकी आवाज़, देश की खबरें।
