पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच दिल्ली में आज बड़ी बैठक, भूपेश बघेल की क्लास में चन्नी गुट पर रहेगी नज़र
पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली में प्रदेश चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में चुनावी रणनीति, जमीनी मजबूती और टिकट वितरण के फॉर्मूले पर मंथन होगा। हालांकि, पार्टी के आंतरिक मतभेदों के चलते सबसे बड़ी नजर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक गुट की मौजूदगी पर टिकी रहेगी।
चन्नी और राजा वड़िंग के बीच नेतृत्व की रार
गौरतलब है कि हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया था, जिसे उन्होंने शुरुआत में स्वीकार करने से मना कर दिया था। चन्नी समर्थक प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाकर नया नेतृत्व लाने की मांग कर रहे थे। हालांकि, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद हाईकमान ने साफ कर दिया कि राजा वड़िंग ही प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे, जिसके बाद चन्नी गुट को बैकफुट पर आना पड़ा था।
हाईकमान का एक ही एजेंडा- चुनाव से पहले 'ऑल इज़ वेल'
संसद सत्र के चलते कई वरिष्ठ नेता और सांसद पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। बैठक में चुनाव समिति के सदस्यों के साथ-साथ सांसदों और पूर्व मुख्यमंत्रियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मुख्य लक्ष्य चुनावी समर में उतरने से पहले गुटबाजी को पूरी तरह खत्म कर एकजुटता का संदेश देना है, ताकि सत्तारूढ़ आप और विपक्षी दलों को चुनौती दी जा सके।