पहले चुराई 3 महीने की बिल्ली, फिर उसे लेकर बैंक लूटने पहुंचा शख्स; कैश लूट की ये अजीबोगरीब घटना इंटरनेट पर हुई वायरल

पहले चुराई 3 महीने की बिल्ली, फिर उसे लेकर बैंक लूटने पहुंचा शख्स; कैश लूट की ये अजीबोगरीब घटना इंटरनेट पर हुई वायरल

अमेरिका के मैरीलैंड (Maryland) से एक ऐसा हैरान करने वाला और अनोखा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस से लेकर सोशल मीडिया यूजर्स तक सब दंग रह गए हैं। आमतौर पर बैंक डकैती या लूट की वारदातों में हथियारों या धमकियों का इस्तेमाल होता है, लेकिन यहां एक शातिर चोर ने बैंक लूटने के लिए 3 महीने की एक मासूम बिल्ली का सहारा लिया। इस अजीबोगरीब जुर्म की कहानी अब इंटरनेट पर तेजी से सुर्खियां बटोर रही है।

दो हफ्ते से बिल्ली पर थी आरोपी की नजर

एनबीसी वाशिंगटन (NBC Washington) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी घटना मैरीलैंड के बेल्ट्सविले इलाके की है। आरोपी शख्स पिछले करीब दो सप्ताह से वहां के एक पेट सप्लाई स्टोर में लगातार आ रहा था। स्टोर के कर्मचारियों ने बताया कि वह हर बार एडॉप्शन एरिया में रखी गई 'मैग्नोलिया' नाम की एक खास टक्सीडो कैट (Tuxedo Cat) को देखता था। घटना वाले दिन आरोपी ने चुपके से चाबी की मदद से बिल्ली के पिंजरे को खोला और उसे लेकर रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात स्टोर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई।

बिल्ली को बैंक कर्मचारी के हवाले कर थमा दिया 'लूट का नोट'

बिल्ली चोरी करने के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि वह सीधे पास में ही स्थित पीएनसी (PNC) बैंक की एक शाखा में जा पहुंचा। बैंक के अंदर जाकर उसने जो किया, उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। आरोपी सीधे बैंक काउंटर पर गया और वहां तैनात महिला कर्मचारी (टेलर) को पहले वह छोटी सी बिल्ली पकड़ा दी। इसके तुरंत बाद उसने कर्मचारी के हाथ में एक पर्ची (नोट) थमा दी, जिस पर पैसे देने की मांग की गई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस, बैंक मैनेजर के केबिन से मिली बिल्ली

बैंक में इस अजीबोगरीब हरकत के बाद तुरंत प्रिंस जॉर्ज काउंटी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस बीच बिल्ली को सुरक्षित रूप से बैंक मैनेजर के ऑफिस से बरामद कर लिया गया। बेल्ट्सविले कम्युनिटी कैट्स संस्था की अधिकारी स्टेफनी स्टुलिच ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि पुलिस सिर्फ बिल्ली चोरी की जांच कर रही है, लेकिन जब पुलिस बैंक की तरफ बढ़ी तो उन्हें मामले की गंभीरता और इसके अनोखेपन का अहसास हुआ।

सोशल मीडिया पर आई मीम्स की बाढ़, बिल्ली बनी स्टार

इस घटना के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने बेहद मजेदार रिएक्शंस दिए हैं। एनिमल लवर्स बिल्ली के सुरक्षित होने पर राहत की सांस ले रहे हैं। रेस्क्यू संस्था ने मजाकिया अंदाज में पोस्ट शेयर कर लिखा कि मैग्नोलिया की 'क्राइम लाइफ' अब खत्म हो चुकी है और अब वह बैंक नहीं, बल्कि लोगों का दिल चुराएगी। फिलहाल मैग्नोलिया के लिए एक अच्छे और प्यारे परिवार की तलाश की जा रही है।

Latest Posts