eBay का घिनौना खेल: रिपोर्टिंग रोकने के लिए पत्रकारों को भेजे 'जिंदा कॉकरोच', कोर्ट ने लगाया 56 मिलियन डॉलर का भारी जुर्माना
ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी eBay को अपनी एक डरावनी और शर्मनाक हरकत की बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। साल 2019 में कंपनी की आलोचना करने वाले मशहूर ई-कॉमर्स न्यूज़लेटर 'ईकॉमर्स बाइट्स' (EcommerceBytes) के संस्थापक डेविड और इना स्टाइनर को डराने के लिए कंपनी ने क्रूर तरीके अपनाए। स्वतंत्र रिपोर्टिंग को रोकने के मकसद से इन पत्रकारों के घर पार्सल में जिंदा कॉकरोच और सुअर के डरावने हैलोवीन मास्क भेजे गए थे, ताकि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर चुप कराया जा सके।
कोर्ट का सख्त फैसला: 7 कर्मचारियों को हुई जेल
लगभग छह साल तक चले इस कानूनी संघर्ष के बाद अदालत ने eBay को उसकी हदें याद दिलाते हुए 56 मिलियन डॉलर (अरबों रुपये) का भारी-भरकम जुर्माना भरने का आदेश दिया है। इस समझौते के तहत स्टाइनर दंपत्ति को 48.7 मिलियन डॉलर का मुआवजा दिया जाएगा, जबकि बाकी रकम दान में जाएगी। इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस साजिश में शामिल कंपनी के 7 कर्मचारियों को दोषी पाते हुए पांच-पांच साल की जेल की सजा भी सुनाई गई है।
आखिर क्यों रची गई थी यह कॉर्पोरेट साजिश?
डेविड और इना स्टाइनर लगातार अपनी वेबसाइट पर eBay की कार्यप्रणाली और नीतियों की तीखी आलोचना कर रहे थे। अभियोजकों के अनुसार, इस सच को दुनिया के सामने आने से रोकने के लिए कंपनी के तत्कालीन सीईओ और मुख्य संचार अधिकारी तक इस पूरी साजिश में शामिल थे।
स्टाइनर दंपत्ति चाहते तो 2024 में 30 मिलियन डॉलर लेकर मामले को रफा-दफा कर सकते थे, लेकिन उन्होंने इस गुप्त समझौते को ठुकरा दिया। इना स्टाइनर का कहना है कि एक पत्रकार के तौर पर यह उनका फर्ज था कि वे इस कॉर्पोरेट गुंडागर्दी को पूरी दुनिया के सामने लाएं, ताकि भविष्य में कोई भी कंपनी अपने रसूख के दम पर किसी की आवाज को इस तरह न कुचल सके।