यूपी में Gen Z के लिए योगी सरकार का मास्टरप्लान! मेधावियों के लिए बनेगी 'सीएम युवा सलाहकार समिति', जानें क्या है 'यूथ अड्डा'

यूपी में Gen Z के लिए योगी सरकार का मास्टरप्लान! मेधावियों के लिए बनेगी 'सीएम युवा सलाहकार समिति', जानें क्या है 'यूथ अड्डा'

नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर देश भर में युवाओं (Gen Z) के बढ़ते उभार और प्रदर्शनों के बीच, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने नौजवानों की ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़ने का बड़ा प्लान तैयार किया है। सरकार का फोकस अब युवाओं के इनोवेशन और उनके सुझावों को सीधे नीति-निर्माण तक पहुंचाना है। इसके लिए प्रदेश में कई अभिनव योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

क्या है 'सीएम युवा सलाहकार समिति' (CM YAC) का प्रस्ताव?

लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विस्तृत नीति-पत्र भेजा है। इसमें 'चीफ मिनिस्टर्स यूथ एडवाइजरी काउंसिल' (CM YAC) के गठन का अहम प्रस्ताव दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और सीएम ऑफिस के बीच एक सीधा संवाद स्थापित करना है। इस 31 सदस्यीय समिति में 18 से 35 वर्ष की आयु के करीब 20 'बेस्ट ब्रेन' शामिल किए जाएंगे। इनमें UPSC, IIT और IIM के मेधावी छात्र, युवा वैज्ञानिक, किसान, उद्यमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके अलावा हर तीन महीने में बैठक, सीएम की अध्यक्षता में वार्षिक 'युवा संवाद' और 'युवा सेतु यूपी' (Yuva Setu UP) नामक एक डिजिटल पोर्टल बनाने की भी सिफारिश की गई है।

कौन हैं प्रस्ताव भेजने वाले डॉ. राजेश्वर सिंह?

डॉ. राजेश्वर सिंह राजनीति में आने से पहले एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने साल 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के संयुक्त निदेशक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था और लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से 18वीं विधानसभा के लिए शानदार जीत दर्ज की थी।

'यूथ अड्डा' (Youth Adda): कैसे संवरेगा नौजवानों का भविष्य?

सीएम योगी के निर्देश पर युवाओं को सीधे उद्यमिता (Entrepreneurship) से जोड़ने के लिए 'यूथ अड्डा' नाम से एक बेहद अनौपचारिक लेकिन प्रभावी मॉडल तैयार किया गया है। यह सिर्फ एक पारंपरिक ट्रेनिंग सेंटर नहीं, बल्कि एक पूरा इकोसिस्टम है। यहां चाय या कॉफी की चुस्कियों के बीच खुले माहौल में युवा अपने इनोवेटिव आइडिया विशेषज्ञों के साथ साझा कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि आज के युवाओं को सिर्फ लोन या सब्सिडी नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें ऐसा मंच चाहिए जो उनके बिजनेस मॉडल को समझे, उन्हें अनुभवी मेंटर्स से जोड़े और बाजार तक पहुंच दिलाए। 'यूथ अड्डा' के जरिए युवाओं को वित्तीय सहायता, नई तकनीक और सही मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे मुहैया कराया जाएगा।

Latest Posts