होर्मुज स्ट्रेट के पास LPG टैंकर पर मिसाइल हमला, 28 भारतीय थे सवार; भारतीय दूतावास ने दी बड़ी राहत
फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के अशांत समुद्री मार्ग पर व्यापारिक जहाजों पर मंडराता खतरा और गहरा गया है। शुक्रवार (24 जुलाई) को ईरानी समुद्री सीमा के पास मोजाम्बिक के झंडे वाले एक एलपीजी (LPG) टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया। घटना के समय इस वाणिज्यिक पोत पर कुल 28 भारतीय नाविक सवार थे, जिससे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने तुरंत संभाली कमान
घटना की खबर मिलते ही तेहरान में भारतीय दूतावास (Indian Embassy in Tehran) ने त्वरित कूटनीतिक कदम उठाए। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर आधिकारिक बयान जारी कर देशवासियों को राहत की खबर दी। भारतीय मिशन ने पुष्टि की कि पोत पर सवार सभी 28 भारतीय क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। दूतावास संबंधित ईरानी अधिकारियों और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के साथ सीधे संपर्क में है और स्थिति पर पल-पल की नजर बनाए हुए है।
'दिशा' टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला, वैश्विक ऊर्जा मार्ग प्रभावित
भारतीय समुद्री कर्मचारियों की प्रतिनिधि संस्था 'फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया' (FSUI) के अनुसार, 'दिशा' (Disha) नाम का यह LPG टैंकर फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था, तभी होर्मुज के निकट उस पर मिसाइल से दागा गया। वाशिंगटन और तेहरान के बीच हालिया तनाव के बाद से इस रणनीतिक जलमार्ग पर जहाजों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है, ऐसे में वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने से अंतरराष्ट्रीय नौवहन (Global Shipping) पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।