पोलिश महिला ने बताईं सिर्फ भारत में की जाने वाली 15 मजेदार आदतें: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट, लोगों ने किया जमकर रिएक्ट
किसी भी देश की संस्कृति और जीवनशैली वहां आने वाले विदेशी पर्यटकों पर गहरी छाप छोड़ती है। भारत तो अपनी विविधता, आतिथ्य और अनूठे सामाजिक ताने-बाने के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। हाल ही में, पोलिश महिला डोमिनिका पटालास कालरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने उन 15 आदतों का जिक्र किया है जो वह केवल और केवल भारत में ही कर सकती हैं। उनका यह अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डोमिनिका द्वारा बताई गई भारत की 15 खास आदतें
डोमिनिका ने बताया कि शुरुआत में भारतीय संस्कृति को देखकर उन्हें थोड़ी हैरानी हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें यहाँ की हर बात से प्यार हो गया। उनकी सूची में शामिल प्रमुख आदतें निम्नलिखित हैं:
-
हाइजीन की चिंतामुक्त खान-पान: भारत में कहीं भी और किसी भी स्थिति में हाइजीन की ज्यादा परवाह किए बिना स्ट्रीट फूड का आनंद लेना।
-
ऑटो चालकों से अनूठी बॉन्डिंग: कुछ ही सेकंड की पहचान के बाद भी किसी भी ऑटो ड्राइवर के साथ दोस्ताना माहौल में सफर करना।
-
ट्रैफिक के बीच सड़क पार करना: गाड़ियों की रफ्तार पर ज्यादा ध्यान दिए बिना अन्य पैदल यात्रियों के साथ मिलकर रोड क्रॉस करना।
-
टपरी की चाय: सड़क किनारे किसी भी छोटी चाय की दुकान (टपरी) से चाय की चुस्कियां लेना।
-
अनजानों से मदद: रास्ते में किसी भी अनजान व्यक्ति से रास्ता पूछकर आगे बढ़ जाना।
-
बिना पूर्व सूचना के जाना: बिना ज्यादा सोचे-समझे किसी के भी घर पहुँच जाना।
-
आंटियों के बेबाक सवाल: किसी भी अनजान आंटी द्वारा करियर, शादी और वजन पर खुलकर कमेंट करना।
-
तीखे खाने का शौक: बेहद तीखा खाना खाने के बाद भी मुस्कुराते हुए यह कहना कि "यह ज्यादा तीखा नहीं है।"
-
पब्लिक ट्रांसपोर्ट में जगह: ऑटो, बस या ट्रेन में भीड़भाड़ के बीच दबकर बैठना, जहाँ 'पर्सनल स्पेस' जैसी कोई चीज मायने नहीं रखती।
-
आधी रात का भोजन: रात को किसी भी वक्त खाना खाना और इसे पूरी तरह सामान्य मानना।
-
बिना जान-पहचान शादी में शिरकत: किसी ऐसी शादी में शामिल हो जाना, जहाँ वे ज्यादातर लोगों को जानती तक नहीं हैं।
-
पड़ोसी का खाना: पड़ोसी से प्यार से खाना स्वीकार करना, क्योंकि मना करना उनके अपमान जैसा माना जाता है।
-
रिश्तों के नाम: भारत में किसी को भी अपनापन जताते हुए 'भैया', 'दीदी', 'अंकल' या 'आंटी' कह देना।
-
चाय पर लंबी चर्चा: सड़क किनारे किसी चाय की दुकान पर घंटों बैठकर गपशप करना।
-
'5 मिनट' वाला फॉर्मूला: दूरी काफी ज्यादा होने पर भी सहजता से यह कह देना— "अरे, मैं बस 5 मिनट में आई!"
सोशल मीडिया पर लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं
डोमिनिका के इस पोस्ट पर यूजर्स ने जमकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, "आखिरी वाली बात (5 मिनट में आने वाली बात) तो दुनिया भर में भारतीयों की पहचान बन चुकी है।" वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, "मुझे बहुत खुशी है कि आपने भारत के अपनापन और आतिथ्य-सत्कार का असली अनुभव किया है।" कई अन्य यूजर्स ने भी भारत की संस्कृति और यहाँ के खुलेपन की तारीफ की है।