यूपी के इस जिले में कल 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया सख्त आदेश; जानें क्या है वजह

यूपी के इस जिले में कल 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया सख्त आदेश; जानें क्या है वजह

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर कल यानी 23 अक्टूबर को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालय कल पूरी तरह बंद रहेंगे। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) सहित सहायता प्राप्त, परिषदीय और सभी निजी विद्यालयों पर एक समान रूप से लागू होगा।

क्यों बंद रहेंगे स्कूल: भरत मिलाप और विधान परिषद चुनाव बना कारण

वाराणसी में स्कूलों के बंद रहने के पीछे दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांस्कृतिक कारण हैं। 22 अक्टूबर को नाटी इमली के ऐतिहासिक 'भरत मिलाप' महोत्सव के उपलक्ष्य में स्थानीय अवकाश था, जबकि कल 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान के मद्देनजर अवकाश घोषित किया गया है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान दिवस पर पोलिंग पार्टियों की व्यवस्था, सुरक्षा और शिक्षकों व कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी को ध्यान में रखते हुए विशेष अवकाश की व्यवस्था की गई है।

आदेश की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करते हुए कक्षाओं का संचालन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ विधिक व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।